उत्तराखंड शिक्षा विभाग का फैसला , अटल उत्कृष्ट स्कूलों में 7 दिन में तैनात होंगे शिक्षक

देहरादून : प्रदेश के अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में शिक्षकों की कमी जल्द दूर होने जा रही है। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने निर्देश दिए हैं कि सभी रिक्त पदों पर एक सप्ताह के भीतर शिक्षकों की तैनाती की जाए और इसके लिए काउंसलिंग प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए।

यमुना कॉलोनी स्थित शासकीय आवास पर आयोजित शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि स्क्रीनिंग परीक्षा में सफल शिक्षकों की मेरिट के आधार पर काउंसलिंग कर उन्हें तैनाती दी जाए, ताकि विद्यालयों में पठन-पाठन व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे।

बैठक में मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि एससीईआरटी में लंबे समय से रिक्त शैक्षणिक पदों को प्रतिनियुक्ति के माध्यम से भरा जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को निर्बाध रूप से संचालित करने के लिए इन पदों का भरा जाना जरूरी है। जब तक एससीईआरटी का अलग ढांचा स्वीकृत नहीं होता, तब तक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत प्रतिनियुक्ति से पदों को भरा जाएगा।

इसके अलावा मंत्री ने अधिकारियों को वित्त और कार्मिक विभाग से समन्वय स्थापित कर डायट की नियमावली को मंत्री परिषद की आगामी बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी बताया कि शिक्षा विभाग में लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रकरणों के समाधान के लिए उत्तराखंड उच्च न्यायालय के सीएससी से वार्ता कर शीघ्र समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं।

सम्बद्धीकरण समाप्त करने का निर्णय

मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि पिछले शैक्षणिक सत्र में किए गए सभी प्रकार के सम्बद्धीकरण (अटैचमेंट) समाप्त किए जाएंगे, ताकि संबंधित शिक्षकों और कार्मिकों को उनके मूल तैनाती स्थल पर कार्य करने में कोई बाधा न हो। नए सत्र में आवश्यकता के अनुसार ही सम्बद्धीकरण किया जाएगा।

बैठक में सचिव विद्यालयी शिक्षा रविनाथ रमन, महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा दीप्ति सिंह, डॉ. मुकुल सती, मेहरबान सिंह बिष्ट, परमेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

The post उत्तराखंड शिक्षा विभाग का फैसला , अटल उत्कृष्ट स्कूलों में 7 दिन में तैनात होंगे शिक्षक first appeared on doonvoice.

TARUN DHIMAN

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

नानकमत्ता में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी

Sat May 16 , 2026
नानकमत्ता : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नानकमत्ता में आयोजित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती समारोह का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया तथा बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नानकमत्ता साहिब की पावन धरती, जहां गुरुओं का […]

You May Like

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Share
error: Content is protected !!