यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती बस में लगी भीषण आग, 9 यात्रियों की मौत

ग्रेटर नोएडा : यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर एयरपोर्ट के पास एक स्लीपर बस में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे में नौ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

जानकारी के मुताबिक, बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से बिहार के राठ के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। रात करीब 11:30 बजे बस यमुना एक्सप्रेसवे पर नोएडा से आगरा की ओर किलोमीटर संख्या 33 के पास पहुंची। इसी दौरान यात्रियों को बस के केबिन से जलने की गंध महसूस हुई।

यात्री सुनील कुमार पुत्र बद्रीप्रसाद, निवासी मोहल्ला खुशीपुरा, थाना राठ, जिला हमीरपुर की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, यात्रियों ने चालक और परिचालक को बस से आ रही जलने की गंध के बारे में जानकारी दी थी। आरोप है कि इसके बावजूद बस को तत्काल रोककर जांच नहीं की गई।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ देर बाद चालक की सीट के पास से अचानक आग की लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग फैलते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कुछ यात्री किसी तरह बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, जबकि कई यात्री अंदर फंस गए।

भीषण आग में नौ यात्रियों की मौत हो गई। कई अन्य यात्री झुलस गए और घायल हुए हैं। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे से गुजर रहे वाहन चालकों में भी अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटों में घिरी बस का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वाहन पूरी तरह जलता हुआ दिखाई दे रहा है।

सूचना मिलते ही जेवर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। बस में आग लगने की वास्तविक वजह क्या थी, इसका अभी आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

मुख्यमंत्री योगी ने लिया हादसे का संज्ञान

ग्रेटर नोएडा में हुए इस दर्दनाक हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों से बात कर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया दुख

यमुना एक्सप्रेसवे पर बस में आग लगने से हुई मौतों पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी गहरा दुख जताया। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हादसे में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि उत्तर प्रदेश में यमुना एक्सप्रेसवे पर बस में आग लगने से लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

राजनाथ सिंह ने भी जताया शोक

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में आग लगने से यात्रियों की मृत्यु अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ग्रेटर नोएडा बस अग्निकांड पर दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं हादसे में घायल लोगों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।

TARUN DHIMAN

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मुख्यमंत्री धामी ने नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के चार सफल अभियानों का किया फ्लैग-इन, माउंट एकांकागुआ समेत नुन-कुन की तीन चोटियों पर आरोहण करने वाले दलों को दी बधाई

Thu Sep 24 , 2026
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम), उत्तरकाशी के चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का फ्लैग-इन किया। इनमें जवाहर पर्वतारोहण एवं शीतकालीन खेल संस्थान, पहलगाम के साथ संयुक्त रूप से संचालित माउंट एकांकागुआ अभियान भी शामिल रहा। मुख्यमंत्री ने सभी पर्वतारोहियों को सफल […]

You May Like

Breaking News

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Share
error: Content is protected !!