केदारनाथ में सेंट्रल स्ट्रीट की छह इमारतों का काम यात्रा सीजन के बाद प्राथमिकता से शुरू होगा, बदरीनाथ अस्पताल 15 दिन में शुरू करने की तैयारी

देहरादून : मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में बदरीनाथ धाम और केदारनाथ धाम मास्टर प्लान के तहत चल रहे निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समयसीमा में उन्हें पूरा कराने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों के तहत सेंट्रल स्ट्रीट की छह इमारतों को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखते हुए यात्रा सीजन समाप्त होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित पक्षों के साथ आवश्यक समझौते की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा, ताकि कार्य शुरू करने में किसी तरह की देरी न हो।

उन्होंने संस्कृति मंत्रालय की ओर से कराए जा रहे विभिन्न कार्यों की भी जानकारी ली और जिलाधिकारी को इनकी लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने कहा कि मास्टर प्लान क्षेत्र से बाहर किसी भी तरह के निर्माण की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। इसके लिए तत्काल शासनादेश जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने विशेष रूप से भूस्खलन और हिमस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में किसी भी एजेंसी को निर्माण की अनुमति नहीं देने को कहा। ऐसे क्षेत्रों में निर्माण गतिविधियों के दौरान सुरक्षा और पर्यावरणीय मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बदरीनाथ में अस्पताल 15 दिन में शुरू करने की तैयारी

मुख्य सचिव ने बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के पहले और दूसरे चरण के तहत चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी करते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।

बैठक में बदरीनाथ में निर्माणाधीन अस्पताल की प्रगति की भी जानकारी ली गई। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि अस्पताल को लगभग 15 दिन में शुरू करने की योजना है। मुख्य सचिव ने अस्पताल संचालन के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक डॉ. विवेक पाण्डेय, सुरेंद्र मेहरा, मुख्य वन संरक्षक प्रसन्ना कुमार पात्रो, अपर सचिव विनीत कुमार, हिमांशु खुराना और अभिषेक रोहिला समेत संबंधित जिलों के जिलाधिकारी मौजूद रहे।

TARUN DHIMAN

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

फ्रीडम फाइटर कोटे में MBBS दाखिले का खेल: कमीशन के 5.58 लाख रुपये के साथ तीसरा आरोपित गिरफ्तार

Thu Sep 24 , 2026
देहरादून  : नीट-यूजी 2025 में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के मामले में देहरादून पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने एक और आरोपी धीरज कुमार श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 5.58 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोभाल […]

You May Like

Breaking News

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Share
error: Content is protected !!