एसआईआर के बाद उत्तराखंड में अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित, 71.59 लाख मतदाता शामिल

देहरादून : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तराखंड में 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर कराए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद शनिवार को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। अंतिम सूची में प्रदेश के कुल 71,58,949 मतदाता शामिल हैं। इनमें 34,21,036 महिला, 37,37,701 पुरुष और 212 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।

उत्तराखंड में एसआईआर की शुरुआत आठ जून 2026 को हुई थी। उस समय प्रदेश की मतदाता सूची में 79,60,762 मतदाता दर्ज थे। गणना फार्मों के वितरण और संकलन के बाद 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की गई, जिसमें 71,33,785 मतदाता शामिल थे। इसके बाद 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की गईं तथा 28 सितंबर तक उनका निस्तारण किया गया। इसके बाद तीन अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची जारी की गई।

अंतिम सूची में 1,29,872 नए मतदाता शामिल किए गए हैं, जबकि नियमानुसार 1,04,708 मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए। प्रदेश में वर्तमान में कुल 12,543 मतदेय स्थल हैं। सूची में 18-19 आयु वर्ग के 72,656 और 80 वर्ष से अधिक आयु के 1,22,892 मतदाता भी शामिल हैं।

छूटे मतदाताओं को जोड़ने के लिए चलेगा अभियान

अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद भी जो पात्र व्यक्ति किसी कारणवश सूची में शामिल नहीं हो सके हैं, उनके नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। ऐसे लोग फार्म-6 भरकर ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से ऑनलाइन तथा बीएलओ के जरिए ऑफलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे और बीएलओ को घर-घर जाकर जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं।

अभियान के तहत बीएलओ मौजूदा मतदाता सूची का एसआईआर से पहले की सूची से मिलान करेंगे। ऐसे मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनके नाम पहले की सूची में थे, लेकिन वर्तमान सूची में नहीं हैं। इसके बाद बीएलओ संबंधित मतदाताओं के घर जाकर उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी लेंगे और पात्र पाए जाने पर फार्म-6 भरने में सहायता करेंगे।

पहली बार मतदान करने वाले युवाओं और छूटे हुए मतदाताओं के नाम भी सूची में शामिल कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा। बीएलओ द्वारा तैयार सूची को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ साझा किया जाएगा। इसके बाद ईआरओ भी बूथवार सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा करेंगे, ताकि छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने का अवसर मिल सके।

इसके अलावा बूथ स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। नाइट शेल्टर, श्रमिक बस्तियों, बेघर और हाशिए पर रहने वाले लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
अंतिम मतदाता सूची भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voter.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की वेबसाइट ceo.uk.gov.in पर देखी जा सकती है। इसके अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय तथा संबंधित बीएलओ से भी मतदाता सूची प्राप्त की जा सकती है।

TARUN DHIMAN

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

धामी मंत्रिमंडल की बैठक, पहली बार चंपावत में हुई कैबिनेट मीटिंग, उत्साहित नजर आई स्थानीय जनता

Sun Oct 4 , 2026
चम्पावत : उत्तराखण्ड में शासन को प्रदेश के दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक नई पहल की है। इसी क्रम में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे चम्पावत जनपद के बनबसा स्थित एनएचपीसी परिसर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में […]

You May Like

Breaking News

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Share
error: Content is protected !!