चारधाम यात्रा- अतिथि देवो भव की तर्ज पर होगा स्वागत : देहरादून में 50 रजिस्ट्रेशन काउंटर 24 घंटे खुलेंगे

देहरादून : चारधाम यात्रा 2026 को सरल, सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में आयोजित तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट कहा कि चारधाम यात्रा केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं के प्रति सेवा और ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना को साकार करने का अवसर है। उन्होंने निर्देश दिए कि धनाभाव किसी भी व्यवस्था में बाधा नहीं बनेगा। जिस विभाग को अतिरिक्त बजट की आवश्यकता हो, वह तत्काल प्रस्ताव प्रस्तुत करे—जिला प्रशासन गैप फंडिंग सुनिश्चित करेगा। सभी व्यवस्थाएं 15 अप्रैल तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

ऋषिकेश और विकासनगर क्षेत्र में पार्किंग, ठहराव क्षमता, पंजीकरण, सड़क, पेयजल, परिवहन, भोजन, शौचालय और स्वच्छता व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई। ऋषिकेश में 30 तथा विकासनगर में 20 पंजीकरण काउंटर 24 घंटे संचालित किए जाएंगे। इन पर प्रशिक्षित ऑपरेटर, पर्याप्त स्टाफ और सुदृढ़ नेटवर्क व्यवस्था रहेगी। मोबाइल पंजीकरण टीमें भी तैनात होंगी, जबकि ऑफलाइन पंजीकरण की भी पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। काउंटरों पर क्यू मैनेजमेंट, शेड और बैठने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप, आईडीपीएल, कटापत्थर, हरबर्टपुर और नया गांव सहित विभिन्न होल्डिंग एरिया में जर्मन हैंगर स्थापित किए जाएं। इन स्थलों पर मेडिकल चेकअप, भोजन, शुद्ध पेयजल, शौचालय और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था रहेगी। यात्रियों के आवागमन के लिए शटल सेवा भी संचालित की जाएगी। भोजन व्यवस्था में स्वयं सहायता समूहों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा आकस्मिक स्थिति में पूर्ति विभाग सहयोग करेगा।

यात्रियों की सुविधा हेतु प्रमुख स्थलों, पार्किंग और यात्रा मार्गों पर होटल, धर्मशाला और आश्रमों के दूरभाष नंबर, कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित किए जाएंगे। एलईडी स्क्रीन के माध्यम से आवश्यक सूचनाएं प्रसारित की जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुलभ और समग्र जानकारी मिल सके।

स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस रखते हुए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम, पैरामेडिकल स्टाफ, एंबुलेंस और टेस्टिंग किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रा मार्गों पर हेल्थ एडवाइजरी भी जारी की जाएगी। परिवहन विभाग को वाहनों की फिटनेस जांच कर ग्रीन कार्ड जारी करने तथा पर्याप्त वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। ट्रिप कार्ड की वैकल्पिक (मैनुअल) व्यवस्था भी रखी जाएगी।

सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल, होमगार्ड, पीआरडी और वालंटियर पर्याप्त संख्या में तैनात किए जाएंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को डिवाइडर, पैराफिट, प्रकाश व्यवस्था और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जल संस्थान द्वारा टीटीएसपी, वाटर एटीएम और टैंकर के माध्यम से पेयजल व्यवस्था की जाएगी, जबकि विद्युत विभाग निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करेगा।

जिलाधिकारी ने यात्रा व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी के लिए नोडल एवं सेक्टर अधिकारियों की तैनाती के निर्देश देते हुए कहा कि प्रशासन की प्रतिबद्धता है । श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुखद यात्रा अनुभव प्रदान करना।

The post चारधाम यात्रा- अतिथि देवो भव की तर्ज पर होगा स्वागत : देहरादून में 50 रजिस्ट्रेशन काउंटर 24 घंटे खुलेंगे first appeared on doonvoice.

TARUN DHIMAN

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

टनकपुर में ₹3.41 करोड़ की लागत से नवनिर्मित आधुनिक सैनिक विश्राम गृह का सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने किया निरीक्षण

Fri Feb 20 , 2026
चम्पावत : सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने जनपद चम्पावत के टनकपुर में लगभग ₹3.41 करोड़ की लागत से नवनिर्मित आधुनिक सैनिक विश्राम गृह का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने भवन की संरचना, उपलब्ध सुविधाओं और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों को […]

You May Like

Breaking News

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Share
error: Content is protected !!