देहरादून : जनपद देहरादून में पड़ रही भीषण गर्मी और लू को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून एवं एनडीएमए के ‘सचेत’ पोर्टल से प्राप्त चेतावनी के अनुसार जनपद में वर्तमान में अत्यधिक तापमान और हीट वेव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने 27 अप्रैल, 2026 को भी अत्यंत गर्म दिन रहने और भीषण गर्मी पड़ने की पूर्व चेतावनी जारी की है।
भीषण गर्मी को देखते हुए विद्यार्थियों और आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव तथा हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं की आशंका के मद्देनजर जिला प्रशासन ने जनपद के कक्षा 1 से 12 तक संचालित समस्त शैक्षणिक संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में सोमवार, 27 अप्रैल 2026 को एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जारी आदेश के अनुसार जनपद के सभी शासकीय, गैर शासकीय और निजी स्कूलों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र 27 अप्रैल को बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, देहरादून और जिला कार्यक्रम अधिकारी, देहरादून को निर्देशित किया है कि उक्त आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि अत्यधिक गर्मी और लू से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतें और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचें।
The post भीषण गर्मी के चलते 27 अप्रैल को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित first appeared on doonvoice.


