मुख्यमंत्री की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का असर, भू-धोखाधड़ी पर शासन का सख्त एक्शन, 24 FIR और 45 मामले निस्तारित

देहरादून : प्रदेश में भूमि धोखाधड़ी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित लैंड फ्रॉड समन्वय समिति की बैठक में 125 मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें से 45 का निस्तारण कर दिया गया, जबकि 24 गंभीर मामलों में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।

सर्वे चौक स्थित कैंप कार्यालय में हुई इस उच्चस्तरीय बैठक में 20 लंबित और 105 नए मामलों की समीक्षा की गई। नए मामलों में सर्वाधिक 74 मामले देहरादून जिले से सामने आए, जबकि हरिद्वार के 15, पौड़ी के 13, टिहरी के 2 और चमोली का 1 मामला शामिल है। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत भूमि फर्जीवाड़े को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा जिन प्रकरणों में संयुक्त निरीक्षण आवश्यक है, उन्हें सप्ताह भर में पूरा कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

सुनवाई के दौरान कई चौंकाने वाले फर्जीवाड़े उजागर हुए। कहीं बिना जमीन के ही बिक्री कर दी गई, तो कहीं खसरा नंबर में हेरफेर कर दूसरी जमीन दिखा दी गई। कुछ मामलों में 2 बीघा जमीन को 4 बीघा बताकर बेचने जैसे गंभीर धोखाधड़ी के मामले सामने आए। आयुक्त ने पुलिस को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
24 गंभीर मामलों में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश के साथ ही 13 शिकायतें विशेष रूप से अवैध कब्जा, तारबाड़ कर जमीन हड़पने और भूमि को नुकसान पहुंचाने से जुड़ी पाई गईं। इसके अलावा अन्य 11 मामलों में भी धोखाधड़ी और अवैध कब्जे के आरोप सामने आए हैं।

बैठक में यह भी सामने आया कि 45 मामलों का निस्तारण आपसी समझौते, धन वापसी और प्रशासनिक हस्तक्षेप से संभव हुआ। वहीं कुछ प्रकरण सिविल न्यायालय में लंबित पाए गए, जिनमें लैंड फ्रॉड नहीं पाया गया।

आयुक्त ने बड़े भू-प्रकरणों में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को 15 दिन के भीतर ठोस प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्पष्ट भूमि धोखाधड़ी के मामलों में अनिवार्य रूप से एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए और जो मामले धोखाधड़ी से संबंधित नहीं हैं, उनकी जानकारी शिकायतकर्ताओं को दी जाए।आयुक्त ने निर्देश दिए कि भूमि विवादों की प्रारंभिक स्तर पर ही पहचान कर आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में बड़े विवादों से बचा जा सके। साथ ही न्यायालय में लंबित मामलों को छोड़कर अन्य सभी मामलों में विभागीय स्तर पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

The post मुख्यमंत्री की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का असर, भू-धोखाधड़ी पर शासन का सख्त एक्शन, 24 FIR और 45 मामले निस्तारित first appeared on doonvoice.

TARUN DHIMAN

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मानदेय वृद्धि का आश्वासन , मुख्यमंत्री धामी से वार्ता के बाद हड़ताल स्थगित

Mon May 4 , 2026
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सचिवालय में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों/सेविका/मिनी कर्मचारी संगठन, उत्तराखण्ड के प्रतिनिधिमंडल ने संगठन की अध्यक्ष  रेखा नेगी के नेतृत्व में भेंट कर अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कर्मियों की समस्याओं एवं मांगों पर प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार […]

You May Like

Breaking News

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Share
error: Content is protected !!