सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने विकासनगर में नवनिर्मित प्रतीक्षा कक्ष का किया उद्घाटन 

देहरादून : सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने विकासनगर स्थित ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक के नवनिर्मित प्रतीक्षा कक्ष का उद्घाटन किया। प्रतीक्षा कक्ष बनने से पछवादून और विकासनगर क्षेत्र के भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों, उनके परिजनों और अन्य लाभार्थियों को बैठने की बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही उन्हें धूप, ठंड और बारिश से भी राहत मिलेगी।

इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि विकासनगर प्रमुख जंक्शन होने के कारण आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक यहां आते हैं। इसे देखते हुए विकासनगर में शीघ्र सैनिक विश्राम गृह बनाया जाएगा। इससे पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिजनों को ठहरने की सुविधा उपलब्ध होगी।

उन्होंने अधिकारियों को हरबर्टपुर स्थित जिला सैनिक कल्याण कार्यालय को ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक विकासनगर में स्थानांतरित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि दोनों सुविधाएं एक ही परिसर में होने से पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को अलग-अलग स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा तथा उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं के साथ सैनिक कल्याण से जुड़ी सुविधाएं भी एक ही स्थान पर मिल सकेंगी।

मंत्री ने कहा कि वर्ष 2012 में विकासनगर में ईसीएचएस कैंटीन और पॉलीक्लिनिक की शुरुआत किराये के भवन से हुई थी। वर्ष 2024 में इन्हें विशाल रक्षा भूमि पर स्थापित किया गया। इससे पछवादून क्षेत्र के पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए देहरादून जाने की परेशानी काफी हद तक कम हुई है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और उनके परिवार रहते हैं। विशेष रूप से बुजुर्ग सैनिकों, उनकी पत्नियों और आश्रितों के लिए घर के नजदीक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होना महत्वपूर्ण है। नवनिर्मित प्रतीक्षा कक्ष इस सुविधा को और बेहतर बनाएगा।

गणेश जोशी ने कहा कि प्रतीक्षा कक्ष केवल बैठने की सुविधा नहीं, बल्कि देश की सेवा करने वाले सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

इस अवसर पर विधायक विकासनगर मुन्ना सिंह चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष हरबर्टपुर नीरू देवी, शमशेर सिंह बिष्ट, जिला सहकारी बैंक देहरादून के अध्यक्ष मंजीत रावत, डिप्टी जीओसी सब एरिया ब्रिगेडियर आरएस थापा, लेफ्टिनेंट कर्नल अनिल घोरसी, निदेशक सैनिक कल्याण ब्रिगेडियर डीएस बसेड़ा (सेनि.) सहित सैन्य अधिकारी मौजूद रहे।

TARUN DHIMAN

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

बनबसा पुलिस ने नशीली दवाओं की तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार, 2,770 नशीले कैप्सूल-टैबलेट बरामद

Sat Oct 24 , 2026
चम्पावत : बनबसा पुलिस ने नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2,770 नशीले कैप्सूल और टैबलेट बरामद किए हैं। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को सीज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस […]

You May Like

Breaking News

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Share
error: Content is protected !!