चारधाम यात्रा पर सख्त हुए मुख्यमंत्री धामी- ‘सुरक्षित यात्रा, सुगम दर्शन और सतत संवाद’ का दिए निर्देश

देहरादून :  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा प्रबंधन का मूल मंत्र “सुरक्षित यात्रा, सुगम दर्शन और सतत संवाद” होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेहतर समन्वय, प्रभावी संचार और सुव्यवस्थित प्रबंधन के माध्यम से चारधाम यात्रा को और अधिक सुरक्षित एवं सफल बनाया जा सकता है।

सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चारों धामों में दर्शन व्यवस्था को क्षमता के अनुरूप संचालित करने के लिए विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही रात्रि 10 बजे से सुबह 4 बजे तक चारधाम यात्रा मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा।मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि किसी भी धाम या पड़ाव पर निर्धारित क्षमता से अधिक भीड़ होने पर होल्डिंग एरिया और प्रमुख चेक प्वाइंट्स पर यात्रियों एवं वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाए। उन्होंने कहा कि भीड़ प्रबंधन वैज्ञानिक और चरणबद्ध तरीके से किया जाए ताकि धामों में अव्यवस्था की स्थिति न बने। जिन स्थानों पर यात्रियों को रोका जा रहा है, वहां भोजन, पेयजल, शौचालय, पार्किंग और अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को केवल रोका न जाए, बल्कि उन्हें प्रतीक्षा अवधि, भीड़ की स्थिति और आगे की व्यवस्थाओं की स्पष्ट जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को यात्रियों के प्रति संवेदनशील, विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने पर विशेष जोर दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यात्रियों को किसी भी परिस्थिति में सूचना के अभाव का सामना नहीं करना चाहिए। इसके लिए सार्वजनिक सूचना प्रणाली, एलईडी डिस्प्ले, सोशल मीडिया, व्हाट्सएप चैनल और एफएम रेडियो के माध्यम से लगातार अद्यतन जानकारी प्रसारित की जाए। मौसम परिवर्तन, मार्ग अवरोध, यातायात जाम और दर्शन में विलंब जैसी सूचनाएं समय रहते श्रद्धालुओं तक पहुंचाई जाएं।

मानसून सीजन को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर जेसीबी, पोकलैंड मशीन, सैटेलाइट फोन, एम्बुलेंस और राहत-बचाव उपकरणों की अग्रिम तैनाती सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा से जुड़े जिलों के जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को यात्रा व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने तथा श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में रेट लिस्ट का अनिवार्य प्रदर्शन तथा खाद्य पदार्थों की नियमित गुणवत्ता जांच कराने पर भी जोर दिया।

बैठक में मुख्यमंत्री ने चारों धामों और पैदल यात्रा मार्गों पर स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था, उनकी नियमित सफाई तथा केदारनाथ पैदल मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए अतिरिक्त शेड और वर्षा से बचाव की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। गंभीर मरीजों के लिए हेली एम्बुलेंस सेवा के प्रभावी संचालन हेतु राज्य स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त करने के भी निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा का पहला चरण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है, लेकिन अब यात्रा मानसून के अधिक चुनौतीपूर्ण दौर में प्रवेश कर रही है। ऐसे में सभी विभागों को पूर्ण सतर्कता, समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, भरत चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल, राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति उपाध्यक्ष विनय कुमार रोहिला, उत्तराखंड अवस्थापना अनुश्रवण परिषद उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, विनय शंकर पाण्डेय, रणवीर सिंह चौहान, विनोद कुमार सुमन, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, वर्चुअल माध्यम से विधायक सुरेश चौहान, आशा नौटियाल, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप, सभी डीएम और एसपी मौजूद रहे।

The post चारधाम यात्रा पर सख्त हुए मुख्यमंत्री धामी- ‘सुरक्षित यात्रा, सुगम दर्शन और सतत संवाद’ का दिए निर्देश first appeared on doonvoice.

TARUN DHIMAN

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

नेशनल यूथ मुए थाई चैंपियनशिप-2026 का खेल मंत्री रेखा आर्या ने किया औपचारिक उद्घाटन 

Wed Jun 3 , 2026
हल्द्वानी : गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित नेशनल यूथ मुए थाई चैंपियनशिप-2026 का खेल मंत्री रेखा आर्या ने औपचारिक उद्घाटन किया । 1 जून से 4 जून तक आयोजित हो रही इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 26 राज्यों एवं 5 केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 900 खिलाड़ी […]

You May Like

Breaking News

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Share
error: Content is protected !!