चम्पावत : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चम्पावत के विकास को गति देने के लिए दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ ही पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चल्थी–नौलापानी मार्ग (पीएमजीएसवाई) के सुधारीकरण कार्य के लिए ₹2.62 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। इस मार्ग के सुदृढ़ीकरण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और स्थानीय लोगों को आवाजाही में काफी राहत मिलेगी। साथ ही क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।इसके अलावा लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन और साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रीठा साहिब से भीडार होते हुए वन्य जीव अभ्यारण (नधौर) तक ट्रैकिंग रूट के निर्माण के लिए ₹55.57 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस ट्रैकिंग रूट के निर्माण से क्षेत्र में पर्यटन को नई दिशा मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ना, आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना और पर्यटन को बढ़ावा देना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए, ताकि जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत जिले के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
The post मुख्यमंत्री धामी ने चम्पावत को दो सौगात , दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं को दी वित्तीय स्वीकृति first appeared on doonvoice.


