मुख्यमंत्री धामी ने डीबीटी के माध्यम से अक्टूबर माह की पेंशन की जारी, वृद्धावस्था पेंशन के सर्वाधिक 6.24 लाख लाभार्थी

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीपावली से पहले प्रदेश के पेंशनधारकों को बड़ी राहत देते हुए समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के 9 लाख 99 हजार 484 लाभार्थियों के बैंक खातों में 148 करोड़ 18 लाख 84 हजार 500 रुपये की धनराशि हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से अक्टूबर 2026 की पेंशन जारी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से पात्र लोगों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से समय पर मिले।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रही हैं। डीबीटी व्यवस्था से पेंशन की धनराशि सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रही है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और भुगतान में देरी की संभावना कम हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वृद्धजनों का सम्मान, विधवा महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा और दिव्यांगजनों का सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। पेंशन योजनाएं जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल देने के साथ सम्मानपूर्वक जीवन जीने में भी मदद कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि वृद्धावस्था और दिव्यांगता के कारण कई लाभार्थियों को दस्तावेज तैयार कराने और औपचारिकताएं पूरी करने में परेशानी होती थी। इस समस्या को देखते हुए केंद्र सरकार के साथ समन्वय कर लगभग सात हजार लाभार्थियों को विशेष प्रावधानों के तहत आधार के अभाव में भी पेंशन का लाभ दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन योजनाओं का संचालन पारदर्शिता के साथ किया जाए और किसी भी पात्र लाभार्थी को परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि दीपावली से पहले पेंशन की धनराशि पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं, ताकि त्योहार के अवसर पर जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता मिल सके।

वृद्धावस्था पेंशन के 6.24 लाख लाभार्थी

अक्टूबर माह में वृद्धावस्था पेंशन के 6 लाख 24 हजार 616 लाभार्थियों को 93.69 करोड़ रुपये, विधवा पेंशन के 2 लाख 39 हजार 527 लाभार्थियों को 35.93 करोड़ रुपये और दिव्यांग पेंशन के 89 हजार 971 लाभार्थियों को 13.50 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए।

इसके अलावा किसान पेंशन के 27 हजार 92, परित्यक्ता पेंशन के 8 हजार 442, भरण-पोषण अनुदान के 7 हजार 461, तीलू रौतेली पेंशन के 2 हजार 248 और बौना पेंशन के 127 लाभार्थियों को भी धनराशि जारी की गई। इस प्रकार कुल 9,99,484 लाभार्थियों को 148.18 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री खजान दास, अपर सचिव विक्रम यादव, निदेशक जनजाति कल्याण संजय टोलिया, संयुक्त सचिव धीरेंद्र सिंह, संयुक्त निदेशक गीताराम नौटियाल और सहायक निदेशक हेमलता पांडेय उपस्थित रहे।

TARUN DHIMAN

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

60 से बढ़कर 63 प्रतिशत हुआ डीए, एक जुलाई 2026 से मिलेगा लाभ

Thu Nov 5 , 2026
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के कर्मचारियों को दीपावली के अवसर पर राहत देते हुए महंगाई भत्ते (डीए) में तीन प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही राज्य कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगा। बढ़ी हुई […]

You May Like

Breaking News

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Share
error: Content is protected !!