देहरादून : जनपद देहरादून में 24 मई को आयोजित होने वाली सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। परीक्षा जिले के 32 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 12,545 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा के निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा ने सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारियों व केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को अपने-अपने केंद्रों का पूर्व निरीक्षण करने और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे और फेस ऑथेंटिकेशन जैसी व्यवस्थाओं की सघन जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा से एक दिन पहले सभी केंद्रों को पूरी तरह सैनिटाइज किया जाए। परीक्षा के दौरान अधिकारियों को अपने मोबाइल फोन चालू रखने और संबंधित केंद्रों से सतत संपर्क बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। प्रश्नपत्रों के सील पैकेट कोषागार के डबल लॉकर से निर्धारित समय पर निकालकर सुरक्षा के साथ परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा।
प्रशासन ने साफ किया है कि परीक्षा की गोपनीयता, सुरक्षा और समयबद्ध संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सिटी प्रवीण कुमार, एसडीएम योगेश मेहरा, विनोद कुमार, अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी, अपर्णा ढौंडियाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
The post देहरादून में 24 मई को 32 परीक्षा केंद्रों पर होगी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा, 12,545 अभ्यर्थी होंगे शामिल first appeared on doonvoice.


