देहरादून : राष्ट्रपति द्रोपदी मर्मू के प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। राष्ट्रपति के 12 और 13 जून को होने वाले कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने राष्ट्रपति निकेतन और राष्ट्रपति आशियाना परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति 12 जून को देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचेंगी और राष्ट्रपति आशियाना परिसर में 132 एकड़ क्षेत्र में विकसित किए जा रहे अत्याधुनिक राष्ट्रपति उद्यान के निर्माण एवं विकास कार्यों का अवलोकन करेंगी। इसके बाद 13 जून को वे इंडियन मिलिट्री एकेडमी में 158वें रेगुलर कोर्स और 141वें टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स की पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा, बिजली, पेयजल, अग्नि सुरक्षा, वन एवं अन्य आवश्यक सेवाओं की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के दौरे में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभागों को फिटनेस एवं क्लियरेंस प्रमाणपत्र समय पर जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
राष्ट्रपति के दौरे का प्रमुख आकर्षण राष्ट्रपति आशियाना परिसर में विकसित हो रहा भव्य राष्ट्रपति उद्यान रहेगा। लगभग 132 एकड़ में बन रहे इस पार्क में थीम पार्क, आधुनिक कैफेटेरिया, फूड कोर्ट, 2,700 मीटर लंबा जॉगिंग, साइकिलिंग एवं वॉकिंग ट्रैक, 840 मीटर लंबा बोर्डवॉक, 800 क्षमता वाला ओपन एयर थिएटर, योगा पवेलियन, व्यूइंग एवं वॉटरफॉल डेक तथा आधुनिक स्पोर्ट्स जोन विकसित किए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। पार्क में तीन भव्य प्रवेश द्वारों और आधुनिक पार्किंग व्यवस्था का निर्माण भी अंतिम चरण में है।उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने पिछले वर्ष 20 जून 2025 को राष्ट्रपति तपोवन एवं राष्ट्रपति निकेतन का उद्घाटन किया था तथा इसी अवसर पर राष्ट्रपति उद्यान की आधारशिला भी रखी थी। इस बार के दौरे में वह स्वयं इस महत्वाकांक्षी परियोजना की प्रगति का निरीक्षण करेंगी।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार सहित सीपीडब्ल्यूडी, विद्युत, पेयजल, वन, परिवहन एवं अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
The post ‘राष्ट्रपति आशियाना’ और ‘निकेतन’ का डीएम डॉ. आशीष चौहान ने किया निरीक्षण first appeared on doonvoice.


