अफवाहों पर ध्यान न दें, गुरुद्वारे में लंगर, अरदास एवं यात्री आवागमन सामान्य रूप से जारी ,सेना बल की तैनाती की खबरें पूर्ण रूप से असत्य

रुद्रप्रयाग : नगरासू स्थित गुरुद्वारा साहिब में 20 जून 2026 को हुई घटना के संबंध में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए आमजन एवं श्रद्धालुओं से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्री हेमकुंड साहिब यात्रा एवं चारधाम यात्रा पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है तथा कहीं भी किसी प्रकार का व्यवधान नहीं है।

पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 20 जून 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि नगरासू स्थित गुरुद्वारे में दो पक्षों के बीच आपसी विवाद एवं कहासुनी हो रही है। सूचना प्राप्त होते ही घोलतीर चौकी पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा स्थिति का जायजा लिया।

उन्होंने बताया कि मौके पर गुरुद्वारे के सेवादारों एवं वहां आये कुछ निहंग सिख यात्रियों के मध्य किसी विषय को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई थी। पुलिस द्वारा तत्काल कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए दोनों पक्षों से बातचीत की गई तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली गई। इस दौरान कुछ निहंग सिख गुरुद्वारे की छत पर चले गए तथा उन्होंने छत तक पहुंचने वाले मार्ग को बंद कर दिया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस, जिला प्रशासन एवं गुरुद्वारा प्रबंधन समिति द्वारा लगातार निहंग सिखों के साथ संवाद स्थापित किया जा रहा है तथा उनको समझा बुझाकर नीचे उतारने का प्रयास किया जा रहा है। वार्ता के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं तथा दो निहंग सिख छत से नीचे उतरकर प्रशासन एवं पुलिस के साथ बातचीत कर रहे हैं। शेष निहंग सिखों से भी लगातार संवाद जारी है।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही कई जानकारियां भ्रामक एवं तथ्यहीन हैं। गुरुद्वारे पर किसी प्रकार का कब्जा नहीं किया गया है तथा न ही किसी को बंधक बनाया गया है। गुरुद्वारे में लंगर व्यवस्था पूर्ववत सुचारू रूप से संचालित हो रही है। श्रद्धालु एवं यात्री सामान्य रूप से गुरुद्वारे में आ-जा रहे हैं, ठहर रहे हैं तथा अपनी यात्रा जारी रखे हुए हैं। इसके अतिरिक्त गुरुद्वारे में अरदास एवं अन्य धार्मिक गतिविधियां भी नियमित रूप से संचालित हो रही हैं।

जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा ने कहा कि श्री हेमकुंड साहिब यात्रा एवं चारधाम यात्रा पूरी तरह सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संचालित हो रही है। यात्रा मार्गों पर कहीं भी किसी प्रकार का ट्रैफिक अवरोध या व्यवधान नहीं है तथा सभी श्रद्धालु सहज एवं सुरक्षित रूप से आवागमन कर रहे हैं। सड़क मार्ग भी पूर्ण रूप से संचालित हैं और यात्रा व्यवस्थाएं सामान्य बनी हुई हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि कुछ माध्यमों से यात्रा प्रभावित होने संबंधी भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं, जिनका वास्तविक स्थिति से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें तथा केवल प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। उन्होंने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए बिना किसी चिंता के श्री हेमकुंड साहिब यात्रा एवं चारधाम यात्रा में सम्मिलित होने का आह्वान किया।

प्रशासन एवं पुलिस ने संयुक्त रूप से सभी नागरिकों, स्थानीय लोगों एवं श्रद्धालुओं से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी अपुष्ट सूचना को साझा न करने की अपील की है।

The post अफवाहों पर ध्यान न दें, गुरुद्वारे में लंगर, अरदास एवं यात्री आवागमन सामान्य रूप से जारी ,सेना बल की तैनाती की खबरें पूर्ण रूप से असत्य first appeared on doonvoice.

TARUN DHIMAN

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

डीएम डॉ0 आशीष चौहान ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों संग की बैठक  

Tue Jun 23 , 2026
देहरादून : जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ0 आशीष चौहान की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार कलेक्ट्रेट में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के सफल संचालन के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों, प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम […]

You May Like

Breaking News

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Share
error: Content is protected !!