मौसम विभाग का अनुमान, प्रदेश में तापमान छह से सात डिग्री तक बढ़ने के आसार

देहरादून : उत्तराखंड में मार्च की शुरुआत के साथ ही तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जिससे मैदान से लेकर पहाड़ी क्षेत्रों तक गर्मी का असर और बढ़ सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक छह मार्च तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। इसके चलते तापमान में सामान्य से छह से सात डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। हालांकि सात मार्च के आसपास पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और हल्की बारिश या बादल छाने की स्थिति बन सकती है।

इन दिनों दिनभर तेज धूप निकलने के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है। देहरादून समेत कई मैदानी इलाकों में मार्च की शुरुआत ही गर्म दिन के साथ हुई है। हाल के दिनों में देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया, जो लगभग 29.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पिछले कई वर्षों के आंकड़ों के अनुसार मार्च के शुरुआती दिनों में इतना अधिक तापमान कम ही देखने को मिला है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार तापमान में बढ़ोतरी के पीछे जलवायु परिवर्तन और मौसम के बदलते पैटर्न को प्रमुख कारण माना जा रहा है। इसके अलावा जनवरी और फरवरी में सामान्य से कम बारिश होने की वजह से भी तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है।

विशेषज्ञों का अनुमान है कि यदि मौसम का यही रुख बना रहा तो इस वर्ष मार्च का महीना पिछले वर्षों की तुलना में अधिक गर्म रह सकता है और तापमान के नए रिकॉर्ड भी बन सकते हैं। प्रदेश में बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों को दोपहर के समय धूप से बचाव करने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी जा रही है।

The post मौसम विभाग का अनुमान, प्रदेश में तापमान छह से सात डिग्री तक बढ़ने के आसार first appeared on doonvoice.

TARUN DHIMAN

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने ली व्यय-वित्त समिति की बैठक

Thu Mar 5 , 2026
देहरादून : मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में व्यय-वित्त समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य के विभिन्न जनपदों से जुड़ी महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं पर विचार-विमर्श करते हुए उन्हें स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में अमृत 2.0 (ट्रांच-2) के अंतर्गत सहस्त्रधारा पेयजल योजना को मंजूरी […]

You May Like

Breaking News

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Share
error: Content is protected !!