चारधाम यात्रा-2026 के लिए मुख्यमंत्री धामी का सख्त एक्शन प्लान

देहरादून : चारधाम यात्रा-2026 को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और स्वच्छ बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने व्यापक एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यात्रा संचालन में व्यावसायिक दृष्टिकोण के बजाय मानवीय संवेदनशीलता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, क्योंकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा हमारी व्यक्तिगत जिम्मेदारी है।

गुरुवार को सचिवालय स्थित वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली सभागार, विश्वकर्मा भवन में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने यात्रा की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने पिछले वर्ष शुरू की गई “ग्रीन एवं क्लीन चारधाम यात्रा” अभियान को इस बार और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। यात्रा मार्गों पर प्लास्टिक मुक्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जगह-जगह कलेक्शन बॉक्स लगाने तथा प्लास्टिक के उपयोग पर सख्ती से नियंत्रण करने को कहा गया।
मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि चारधाम यात्रा को लेकर कोई भी फर्जी या भ्रामक खबर फैलाने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।हेली सेवाओं के संचालन को लेकर भी मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी हेलीकॉप्टरों की नियमित मेंटेनेंस और फिटनेस जांच अनिवार्य होगी तथा निर्धारित एसओपी का पूरी सख्ती से पालन किया जाए।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भीड़ नियंत्रण हेतु डिजिटल मॉनिटरिंग और स्लॉट सिस्टम लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रणाली को और मजबूत करने, अतिरिक्त रजिस्ट्रेशन बूथ स्थापित करने और डिजिटल प्रक्रिया को सरल बनाने पर जोर दिया गया।मुख्यमंत्री ने यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के निर्देश देते हुए पर्याप्त मेडिकल यूनिट, अस्थायी अस्पताल, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और विश्राम स्थलों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। पशुओं के उपचार के लिए पशु चिकित्सालयों की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत यात्रा मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने और आवश्यकता अनुसार एआई आधारित निगरानी प्रणाली लागू करने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी के साथ 24×7 कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन संचालित किए जाएंगे।ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू करने और वैकल्पिक मार्गों की पहचान करने को कहा गया। साथ ही एसडीआरएफ और एनडीआरएफ को अलर्ट मोड में रखने तथा संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों में पहले से संसाधन तैनात करने के निर्देश दिए गए।मुख्यमंत्री ने यात्रा मार्गों पर ओवररेटिंग रोकने के लिए सभी दुकानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि गैस, पेट्रोल, डीजल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति यात्रा अवधि में बाधित नहीं होनी चाहिए और इसके लिए दैनिक मॉनिटरिंग की व्यवस्था की जाए।

बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और संबंधित जिलों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

The post चारधाम यात्रा-2026 के लिए मुख्यमंत्री धामी का सख्त एक्शन प्लान first appeared on doonvoice.

TARUN DHIMAN

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

 होम्योपैथी एक प्रभावी और किफायती चिकित्सा पद्धति के रूप में उभर रही है: केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव

Fri Apr 10 , 2026
नई दिल्ली / देहरादून: केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव ने कहा है कि देश के अंतिम गांव के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं समय पर पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य एवं कल्याण इकोसिस्टम को मजबूत बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में होम्योपैथी एक प्रभावी […]

You May Like

Breaking News

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Share
error: Content is protected !!