रुड़की में मुख्यमंत्री धामी ने संवाद कार्यक्रम में युवाओं से किया सीधा संवाद

रुड़की : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड का युवा प्रदेश और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का आधार है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है और युवाओं की ऊर्जा, नवाचार तथा प्रतिभा ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है। मुख्यमंत्री रुड़की में आयोजित “युवा संवाद कार्यक्रम” को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को वोट बैंक नहीं, बल्कि विकसित भारत का सबसे सशक्त स्तंभ मानते हुए उनकी शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए अनेक ऐतिहासिक पहल की गई हैं। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर एवं रोजगार सृजक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां युवाओं को अवसरों के लिए पलायन न करना पड़े, बल्कि अपने ही प्रदेश में रोजगार, उद्यम और नवाचार के पर्याप्त अवसर मिलें। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा प्रोत्साहन योजना, दीनदयाल उपाध्याय योजना, एक जनपद-दो उत्पाद योजना और हाउस ऑफ हिमालयाज जैसे प्रयासों से स्थानीय उत्पादों और युवाओं को राष्ट्रीय एवं वैश्विक पहचान मिल रही है। वहीं स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, कीवी मिशन, नई पर्यटन नीति, होम-स्टे, वेड इन उत्तराखंड तथा सौर स्वरोजगार योजनाएं रोजगार के नए अवसर सृजित कर रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्रभावी नीतियों के परिणामस्वरूप प्रदेश की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। उन्होंने कहा कि नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों की रैंकिंग में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर है। साथ ही प्रदेश में रिवर्स माइग्रेशन का सकारात्मक माहौल बन रहा है और युवा अपने अनुभव व कौशल के साथ लौटकर उद्यमिता को बढ़ावा दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश में लागू सख्त नकल विरोधी कानून के कारण भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है और पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 20 मॉडल कॉलेजों की स्थापना, महिला छात्रावास, आधुनिक सूचना प्रौद्योगिकी प्रयोगशालाएं, परीक्षा भवन और उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। साथ ही पिछले साढ़े चार वर्षों में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, नवाचार को अपनाने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं से सीधा संवाद कर उनके प्रश्नों के उत्तर दिए। भुनेश गोयल ने युवाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और शासन-प्रशासन में उनकी भागीदारी को लेकर प्रश्न पूछा। मुख्यमंत्री ने कहा कि रुड़की विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार की भूमि है तथा राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है।रीया वंदना ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर सरकार की कार्ययोजना के बारे में पूछा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया आज जनसंचार का प्रभावी माध्यम बन चुका है, लेकिन इसके दुरुपयोग पर निगरानी के लिए साइबर सेल सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।उ अफवाह फैलाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

सोनालिका द्वारा वर्ष 2027 में होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर पूछे गए प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कुंभ को दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां कर रही है। भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, घाटों के निर्माण और विस्तार के साथ ही ड्रोन एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित निगरानी व्यवस्था भी लागू की जाएगी।कार्यक्रम के आयोजक गौरव कौशिक ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी , परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा सहित जनप्रतिनिधि प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

The post रुड़की में मुख्यमंत्री धामी ने संवाद कार्यक्रम में युवाओं से किया सीधा संवाद first appeared on doonvoice.

TARUN DHIMAN

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने हिमाद्रि आइस रिंक पहुंची खेल मंत्री रेखा आर्या

Mon Jun 29 , 2026
देहरादून : खेल मंत्री रेखा आर्या हिमाद्रि आइस रिंक में 21वीं नेशनल आइस स्केटिंग चैंपियनशिप-2026 मैं खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए पहुंची। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अब केवल पर्यटन के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि शीतकालीन खेलों के लिए भी देश और दुनिया के नक्शे […]

You May Like

Breaking News

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Share
error: Content is protected !!