देहरादून : मसूरी विधानसभा क्षेत्र के सालावाला में न्यू कैंट रोड स्थित सालावाला पुल के डाउनस्ट्रीम में 20 मीटर लंबे डबल लेन आरसीसी गर्डर पुल का निर्माण होगा। राज्य योजना वर्ष 2026-27 के तहत बनने वाले इस पुल की लागत 5 करोड़ 41 लाख 28 हजार रुपये होगी। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।
इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि नए पुल के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक होगा। स्थानीय निवासियों के साथ ही इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनसुविधाओं के विस्तार और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को पुल निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि पुल का निर्माण कार्य आठ माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मंत्री ने निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने को कहा।
शिलान्यास कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, पार्षद भूपेंद्र कठैत, पार्षद मोहन बहुगुणा, रोशन नेगी, रमेश प्रधान, राकेश कुमार, आनंद गुसाईं सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


