कैंसर पीड़ित परिवार को 71 हजार का ऋण माफ और 50 हजार की आर्थिक सहायता

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों को धरातल पर उतारते हुए जिला प्रशासन देहरादून लगातार जरूरतमंदों तक राहत पहुंचा रहा है। इसी क्रम में आर्थिक संकट से जूझ रहे एक कैंसर पीड़ित परिवार को बड़ी राहत प्रदान की गई है।

जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने रायपुर क्षेत्र की मालदेवता निवासी संध्या रमोला की मदद करते हुए उनके परिवार पर बकाया लगभग 71 हजार रुपये का ऋण सीएसआर फंड से जमा कराकर माफ कराया। इसके साथ ही रायफल क्लब मद से 50 हजार रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी डीबीटी के माध्यम से उनके खाते में भेजी गई।

संध्या रमोला ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पति गले के कैंसर से पीड़ित हैं और उनका उपचार हिमालय अस्पताल में चल रहा है। बीमारी के कारण उनके पति काम करने में असमर्थ हो गए हैं, जबकि परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। दो छोटे बच्चों के पालन-पोषण, इलाज और घरेलू खर्चों के चलते परिवार गंभीर आर्थिक संकट में आ गया था।

उन्होंने वर्ष 2024 और 2025 में स्वयं सहायता समूह के माध्यम से बैंक से ऋण लिया था, लेकिन परिस्थितियों के चलते किस्तें जमा नहीं कर पाने के कारण बैंक का बकाया बढ़कर लगभग 71 हजार रुपये हो गया था। लगातार दबाव और नोटिस से परिवार मानसिक तनाव में भी था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल मानवीय पहल करते हुए ऋण की पूरी धनराशि जमा कराने और संबंधित बैंक को नो ड्यूज प्रमाण पत्र जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता है। जो परिवार योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं या आकस्मिक संकट का सामना कर रहे होते हैं, उन्हें जिला प्रशासन हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न प्रोजेक्ट, सीएसआर फंड और अन्य संसाधनों के माध्यम से समय-समय पर दिव्यांगजन, गंभीर बीमारियों से पीड़ित, निराश्रित महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहायता प्रदान की जा रही है। प्रशासन की यह पहल संवेदनशील शासन व्यवस्था और जनकल्याणकारी सोच का सशक्त उदाहरण बन रही है ।

The post कैंसर पीड़ित परिवार को 71 हजार का ऋण माफ और 50 हजार की आर्थिक सहायता first appeared on doonvoice.

TARUN DHIMAN

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने “नो व्हीकल डे” के दिन डिजिटल कार्यप्रणाली को बढ़ावा देकर कार्य करने के दिए निर्देश 

Sat May 16 , 2026
देहरादून : प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने सचिव कृषि को दूरभाष के माध्यम से निर्देशित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ऊर्जा संरक्षण एवं ईंधन बचत को लेकर की गई अपील को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने के लिए कृषि विभाग से जुड़े सभी विभागों में व्यापक […]

You May Like

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Share
error: Content is protected !!