प्रदेश में 88 प्रतिशत से अधिक गणना फार्म वितरित

देहरादून : प्रदेश में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत अब तक 88.48 प्रतिशत गणना फार्म वितरित किए जा चुके हैं। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने सचिवालय से सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान की समीक्षा करते हुए फार्म वितरण के साथ-साथ डिजिटलीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक में डॉ. जोगदण्डे ने गणना फार्म वितरण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जनपदों की सराहना की और उन्हें दूसरे चरण में फार्मों के डिजिटलीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा। वहीं जिन जनपदों में फार्म वितरण का कार्य राज्य के औसत से कम है, वहां संबंधित विधानसभा क्षेत्रों और मतदान केंद्रों में विशेष अभियान चलाने तथा अतिरिक्त मोबाइल टीमों को सहायता के लिए तैनात करने के निर्देश दिए।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में ऑनलाइन गणना फार्म भरने की संख्या कम है, वहां व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने लोगों को ऑनलाइन माध्यम से गणना फार्म भरने के लिए प्रेरित करने हेतु जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।

उन्होंने निर्देश दिए कि नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में मोबाइल और सूचना प्रौद्योगिकी टीमों को भेजा जाए, ताकि बूथ स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक तकनीकी सहायता मिल सके। साथ ही सभी जनपदों में बूथ स्तरीय अधिकारियों के लिए नए मोबाइल अनुप्रयोग मॉड्यूल का प्रशिक्षण 10 से 12 अधिकारियों के छोटे-छोटे समूहों में आयोजित किया जाए।
डॉ. जोगदण्डे ने प्रदेश के मतदाताओं से अपील की कि वे अपना नवीनतम पासपोर्ट आकार का फोटो गणना फार्म के साथ बूथ स्तरीय अधिकारी को उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि 8 जून से 7 जुलाई तक चलने वाले घर-घर सर्वेक्षण अभियान के दौरान मतदाताओं को गणना फार्म के साथ किसी भी प्रकार का दस्तावेज प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने बताया कि सहायता और जानकारी के लिए मतदाता टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त राज्य स्तर पर 1800-3300-1950 हेल्पलाइन नंबर पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उपस्थित रहे।

The post प्रदेश में 88 प्रतिशत से अधिक गणना फार्म वितरित first appeared on doonvoice.

TARUN DHIMAN

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

एमडीडीए कार्यालय में रक्तदान शिविर में किया गया 40 यूनिट रक्त संग्रहित, एक यूनिट रक्त से बच सकती हैं 3 जिंदगियां

Tue Jun 16 , 2026
देहरादून : मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) कार्यालय परिसर में कैलाशी देवी वेलफेयर सोसायटी व मान्या चैरेटेबिल ब्लड सेंटर के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। समाज सेवा और मानवता के प्रति समर्पित इस पहल में प्राधिकरण के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। शिविर […]

You May Like

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Share
error: Content is protected !!