देहरादून : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की जनता एक बार फिर भाजपा को समर्थन देने का मन बना चुकी है, लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं को आत्मसंतुष्टि से बचते हुए और अधिक सक्रियता के साथ जनता के बीच जाना होगा। उन्होंने सभी मोर्चों को सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
रविवार को देहरादून में भाजपा के सभी सात मोर्चों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रही डबल इंजन सरकार पर जनता का अटूट विश्वास है। प्रदेश की जनता लगातार सरकार के विकास कार्यों और उपलब्धियों पर अपनी मुहर लगा रही है।उन्होंने सभी मोर्चों के पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शीघ्र ही मंडल और बूथ स्तर तक संगठन द्वारा तय कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएं तथा समाज के विभिन्न वर्गों तक सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी पहुंचाएं।
बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान पर भी विस्तार से चर्चा हुई। महेंद्र भट्ट ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए त्रुटिहीन मतदाता सूची आवश्यक है। उन्होंने पदाधिकारियों से सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे, जबकि अपात्र व्यक्तियों और घुसपैठियों के नाम सूची से हटाए जाएं। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की सरकार बनाने का निर्णय केवल प्रदेश की जनता ही करेगी।
बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत सहित युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों ने भाग लिया। सभी ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने और 2027 के चुनावी लक्ष्य को हासिल करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
The post 2027 में फिर कमल खिलाने को पार्टी के सभी मोर्चे बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाएं : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट first appeared on doonvoice.


