हरिद्वार में दर्दनाक सड़क हादसा, बस और पिकअप वाहन की टक्कर में तीन लोगों की मौत

हरिद्वार : श्यामपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गयी, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। फ्लाईओवर के समीप उत्तराखंड रोडवेज की बस और पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल ने तत्काल बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार हादसा सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। टनकपुर डिपो की उत्तराखंड रोडवेज बस नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर आ रही थी, तभी फ्लाईओवर के पास सामने से आ रहे पिकअप वाहन से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर का प्रभाव इतना जोरदार था कि पिकअप में सवार दो लोग फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे।

घटना की सूचना पर श्यामपुर थाना पुलिस, रात्रि अधिकारी और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए जिला चिकित्सालय हरिद्वार भेजा गया।

अस्पताल में उपचार के दौरान नजीबाबाद के बड़ापुर निवासी 18 वर्षीय अहान पुत्र शराफत और करीब 35 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल शराफत (42) और उनकी पत्नी शबाना (35) को बेहतर इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में शबाना की भी मौत हो गई।

दुर्घटना में घायल अन्नू (18), सोनी लाल (25) और शमीम (42) का जिला चिकित्सालय हरिद्वार में उपचार जारी है। पुलिस ने तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

The post हरिद्वार में दर्दनाक सड़क हादसा, बस और पिकअप वाहन की टक्कर में तीन लोगों की मौत first appeared on doonvoice.

TARUN DHIMAN

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

 विश्वविख्यात निशानेबाज और द्रोणाचार्य सम्मानित कोच दिवंगत जसपाल राणा की मां श्यामा देवी राणा के निधन पर मुख्यमंत्री धामी ने व्यक्त किया गहरा शोक 

Mon Jun 29 , 2026
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वरिष्ठ जनप्रतिनिधि नारायण सिंह राणा की धर्मपत्नी एवं प्रख्यात भारतीय निशानेबाज, पद्मश्री स्व. जसपाल राणा की माताजी श्यामा देवी राणा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत पुण्यात्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि वे […]

You May Like

Breaking News

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Share
error: Content is protected !!