देहरादून : विश्वकर्मा पूजन के अवसर पर पिटकुल मुख्यालय विद्युत भवन समेत विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों में भगवान विश्वकर्मा का विधिवत पूजन, हवन और प्रसाद वितरण किया गया। मुख्यालय में पिटकुल के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने अधिकारियों और कार्मिकों के साथ भगवान विश्वकर्मा का पूजन एवं हवन किया। इसके बाद उन्होंने 132 केवी उपकेंद्र बिंदाल में आयोजित पूजन एवं भंडारे में भी प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा विश्व के महान शिल्पकार और सृष्टि के रचयिता माने जाते हैं। इसी प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और उनके नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है।
पीसी ध्यानी ने कहा कि पिटकुल भी निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री और पिटकुल प्रबंधन के मार्गदर्शन में निगम की विकास योजनाओं को गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा के आशीर्वाद से पिटकुल जल्द ही 800 केवी उपकेंद्र के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ेगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर पिटकुल मुख्यालय में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में रिकॉर्ड 202 यूनिट रक्तदान करने पर सभी कार्मिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पिटकुल मुख्य सचिव एवं अध्यक्ष पिटकुल तथा प्रमुख सचिव ऊर्जा के मार्गदर्शन में लगातार प्रगति कर रहा है।
विश्वकर्मा पूजन के अवसर पर पिटकुल के विभिन्न उपकेंद्रों में भी अधिकारियों और कर्मचारियों ने हवन-पूजन किया। कार्यक्रम में मुख्य अभियंता इला चंद, अनुपम सिंह, पंकज कुमार, श्रीमंत राम, महाप्रबंधक मानव संसाधन अशोक कुमार जुयाल, महाप्रबंधक वित्त मनोज कुमार समेत विभिन्न अधिकारी, अभियंता, कर्मचारी और संविदाकर्मी मौजूद रहे।

