खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, एकता और राष्ट्रभावना का होता है विकास : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गाजियाबाद में विद्या भारती की ओर से आयोजित 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह-2026 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया और सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के साथ उनमें अनुशासन, एकता, सहयोग और राष्ट्रभावना का विकास करती हैं। देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों की सहभागिता इस आयोजन को विशेष बनाती है। हिमालय के सीमांत क्षेत्रों से लेकर कन्याकुमारी और पश्चिमी सीमावर्ती क्षेत्रों से लेकर पूर्वोत्तर तक के खिलाड़ियों का एक मंच पर एकत्र होना लघु भारत का दर्शन कराता है।

उन्होंने कहा कि खेल का मैदान सभी को एक सूत्र में जोड़ता है। यहां खिलाड़ी न केवल प्रतियोगिताओं में भाग लेते हैं, बल्कि एक-दूसरे की संस्कृति और परंपराओं को समझने का अवसर भी प्राप्त करते हैं। खेल में जीत और हार दोनों का महत्व है। जीत आगे बढ़ने का उत्साह देती है, जबकि हार अपनी कमियों को सुधारने और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देती है।

मुख्यमंत्री ने विद्या भारती के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि संस्था शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। वर्ष 1952 में गोरखपुर में प्रथम सरस्वती शिशु मंदिर की स्थापना से शुरू हुई यह यात्रा आज देश के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंच चुकी है। सीमांत, ग्रामीण, जनजातीय और वंचित क्षेत्रों में शिक्षा के प्रसार के लिए संस्था के प्रयास सराहनीय हैं। उत्तराखंड में भी विद्या भारती के विद्यालय शिक्षा और संस्कारों के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में शिक्षा के साथ शारीरिक विकास को भी विशेष महत्व दिया गया है। खेलों से विद्यार्थियों में साहस, धैर्य, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक सहयोग जैसे गुण विकसित होते हैं। खेलकूद समारोह की अनुशासित दिनचर्या विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग, आत्मनिर्भरता और सामूहिक जिम्मेदारी का महत्व भी सिखाती है।

मुख्यमंत्री ने पेरिस पैरालंपिक-2024 के रजत पदक विजेता निषाद कुमार का उदाहरण देते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प, निरंतर अभ्यास और कठिन परिश्रम से बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है। उन्होंने विश्वास जताया कि समारोह में प्रतिभाग कर रहे खिलाड़ी भी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। खेलो इंडिया और फिट इंडिया अभियान जैसी पहलों से युवाओं में खेलों और शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है। इससे सामान्य परिवारों की प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी प्रदेश में खेल सुविधाओं और संसाधनों के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, प्रोत्साहन और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर काम किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिले और प्रदेश के युवा खेलों में बेहतर भविष्य बना सकें।

मुख्यमंत्री ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही आयोजन के सफल संचालन के लिए विद्या भारती के पदाधिकारियों, आचार्यों, प्रशिक्षकों और कार्यकर्ताओं की सराहना की।

इस अवसर पर महेश गुप्ता, विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के महामंत्री देशराज शर्मा, अखिल भारतीय सह-संगठन मंत्री यतीन्द्र कुमार शर्मा, अखिल भारतीय संयोजक खेल विभाग मुक्तेश बगेशा, डॉ. विजय पाल सहित संस्था के पदाधिकारी, शिक्षक और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

TARUN DHIMAN

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like

Breaking News

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Share
error: Content is protected !!